उत्तराखंड (भगवानपुर) 12 अगस्त 2025: ग्राम मंडावर के पास औद्योगिक क्षेत्र मार्ग पर एक महिला के साथ छेड़छाड़ करना भारी पड़ गया। महिला ने आरोपित को पकड़ कर उसकी चप्पलों से धुनाई कर डाली। मौके पर पहुंचे राहगीरों ने भी आरोपित की जमकर खबर ली। बाद में राहगीरों ने महिला को समझा-बुझाकर मामले को शांत करा दिया। इसके बाद आरोपित मौके से निकल गया। जानकारी के अनुसार भगवानपुर औद्योगिक क्षेत्र में बने कमरों में कुछ परिवार रह रहे हैं। रविवार दोपहर एक महिला भगवानपुर कस्बे में घर के लिए सामान लेने के लिए जा रही थी। महिला जैसे ही औद्योगिक क्षेत्र में सुनसान मार्ग पर पहुंची तो बराबर से निकले एक व्यक्ति ने महिला के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। पहले तो महिला चुपचाप रही, लेकिन जब आरोपित नहीं माना तो महिला ने हिम्मत दिखाते हुए पैर से चप्पल निकाल कर उसकी धुनाई शुरू कर दी। मनचले को चप्पलों से पिटता हुआ देख राहगीरों की मौके पर भीड लग गई। राहगीरों ने भी आरोपित को सबक सिखाया। खुद को घिरा देख आरोपित माफी मांगने लगा। जिसके बाद आरोपित को छोड़ दिया गया।
