उत्तराखंड (देहरादून) 23 जुलाई 2025: आपको अति आवश्यक कार्य से दिल्ली जाना हो तो जाइये, वरना अगले दो दिन तक यानी बुधवार रात तक सड़क मार्ग से अपनी यात्रा टाल दें तो बेहतर रहेगा। दरअसल, कांवड़ यात्रा के चलते दिल्ली मार्ग परिवर्तित होने के कारण दून, हरिद्वार व ऋषिकेश आदि से जाने वाली परिवहन निगम की बसें सहारनपुर से यमुनानगर-करनाल होकर दिल्ली जा रहीं हैं। दून से दिल्ली के लिए इस मार्ग की दूरी भले 59 किमी अधिक है, लेकिन यातायात दबाव के कारण बसों को दिल्ली पहुंचने में 10 से 11 घंटे का समय लग रहा। कांवड़ यात्रा बुधवार रात तक चलेगी और उसके बाद गुरुवार सुबह से दून-मेरठ-दिल्ली मार्ग यातायात के लिए खुल जाएगा।
यात्रियों की जेब पर भले परिवहन निगम ने ज्यादा भार न डाला हो, लेकिन मार्ग की दूरी बढ़ने और यातायात जाम के चलते इस मार्ग पर दून से दिल्ली की दूरी 10 से 11 घंटे में तय हो रही। दूरी 59 किमी बढ़ने के बावजूद वोल्वो बस का किराया महज एक रुपया, जबकि साधारण बस का किराया 10 रुपये बढ़ाया है, लेकिन यात्रा में लग रहे दोगुने समय के कारण यात्री परेशान नजर आ रहे।
