उत्तराखंड (देहरादून) 22 जुलाई 2025: संपत्ति बेचने के नाम पर कुछ लोगों ने एक शख्स से डेढ़ करोड़ रुपए से ज्यादा की धोखाधड़ी को अंजाम दिया। संपत्ति का सौदा करने से पहले ही . आरोपित संपत्ति दान कर चुके थे। शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने एक ही परिवार के चार लोगों समेत पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
चमन विहार निरंजनपुर के रहने वाले अंकित जैन ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि वह संपत्ति खरीद फरोख्त का व्यापार करता है । उसे सितम्बर 2024 में गौरव सेठी व विजय अग्रवाल ने चन्दर नगर में स्थित आवासीय सम्पत्ति उसके स्वामियों द्वारा बेचने की जानकारी दी। जिस पर उसने संपत्ति के मालिक अशोक कुमार गुप्ता व पूनम गुप्ता के साथ भूमि खरीदने की बातचीत की। दोनों पक्ष की आपसी सहमति से तय हो गई। जिसमें उनकी पुत्री आरुशी गुप्ता गवाह है। सम्पत्ति का कुल सौदा 10,54,99,210 रुपये में तय हुआ। इसमें उनका पुत्र शुभम गुप्ता भी गवाह है। संपत्ति लिए वह आरोपितों को एक करोड़ पचपन लाख रुपए अदा कर चुका है। उसने संपत्ति के दस्तावेज की मांग की तो अशोक कुमार गुप्ता व के पूनम गुप्ता ने दस्तावेज यह कहकर टाल दिया कि अनुबन्धित सम्पत्ति के सभी मूल दस्तावेज लॉकर में रखे हुए हैं और वह लॉकर शुभम गुप्ता के नाम पर है। कुछ दिनों बाद दस्तावेज उपलब्ध करा दिए जाएंगे । किन्तु बार-बार मांगने पर भी विधिक दस्तावेज उसे उपलब्ध नहीं करवाए गए। इसी बीच उसने संपत्ति का मुआयना किया तो पाया कि अशोक कुमार गुप्ता ने जिस आवासीय संपत्ति का उसके साथ विक्रय अनुबन्ध किया है, उस संपत्ति का एक हिस्सा अशोक कुमार गुप्ता व पूनम गुप्ता ने एक दान पत्र के जरिए अपने पुत्र शुभम गुप्ता के नाम अंकित किया है। उसने इस बाबत बात की तो उसके साथ बदतमीजी करने लगे। पुलिस ने आरोपित अशोक कुमार गुप्ता, पूनम गुप्ता, शुभम गुप्ता, आरुशी गुप्ता और विजय अग्रवाल निवासी कचहरी रोड के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
