उत्तराखंड (देहरादून) 13 जुलाई 2025: ड्रग्स फ्री कैम्पस अभियान के तहत पुलिस ने ड्रग्स लेने व तस्करी करने वाले छात्र-छात्राओं पर नकेल कसने की तैयारी कर ली है। इसे लेकर क्षेत्राधिकारी प्रेमनगर ने प्रेमनगर व सेलाकुई स्थित यूनिवर्सिटी व कॉलेज के पदाधिकारियों संग गोष्ठी की। समस्त छात्र-छात्राओं द्वारा मादक पदार्थ का सेवन न करने के सम्बन्ध में शपथ पत्र भरकर दिया जाएगा। साथ ही मादक पदार्थ का सेवन करने वाले छात्र-छात्राओं का प्रशिक्षित मेडिकल कर्मी द्वारा सैम्पल लिया जाएगा। मेडिकल रिपोर्ट पॉजिटिव पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यदि किसी कॉलेज के छात्र-छात्रा के खिलाफ पुलिस द्वारा कोई भी कानूनी कार्रवाई की जाती है तो उसकी एक रिपोर्ट सम्बन्धित कॉलेज को उस छात्र के खिलाफ अलग से कार्रवाई को भेजी जाएगी। सभी पदाधिकारियों को यह फार्म उपलब्ध कराए गए। गोष्ठी में माया देवी यूनिवर्सिटी, डीबीएस कॉलेज, इक्फाई यूनिवर्सिटी, हिमालयन कॉलेज, डीबीएस कॉलेज, दून पीजी कॉलेज, यूपीईएस यूनिवर्सिटी, लिबरा कॉलेज आदि शिक्षण संस्थानों के पदाधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
