उत्तराखंड (विकासनगर) 12 जुलाई 2025: उप जिला चिकित्सालय में इन दिनों टायफायड के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। हालांकि अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि बीमारी का प्रकोप अधिक नहीं फैला है। बावजूद इसके हर दिन टायफायड के संदिग्ध लक्षण वाले 10 से 15 मरीज आ रहे हैं। इसके साथ ही सबसे अधिक मरीज वायरल फीवर से ग्रसित आ रहे हैं।
अस्पताल के ओपीडी पंजीकरण के अनुसार बीते एक सप्ताह में ऐसे 80 मरीज उपचार के लिए आ चुके हैं। हालांकि चिकित्सकों ने बताया कि इनमें से अधिकांश मरीज अब स्वस्थ हो चुके हैं, फिर भी अस्पताल में आने वाले हर मरीज को टायफायड के लक्षणों की जानकारी दी जा रही है, जिससे मरीज में लक्षण दिखने पर वो जल्द चिकित्सक से उपचार शुरु करा सके। वायरल फीवर के मरीजों की संख्या में भी इन दिनो इजाफा हुआ है। उप जिला चिकत्सालय के साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में हर दिन सौ से अधिक मरीज वायरल फीवर का उपचार कराने के लिए आ रहे हैं। उप जिला चिकित्सालय के वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. टीएस डुंगरियाल के अनुसार दूषित पानी के प्रयोग की वजह से वायरल फीवर व टायफायड के मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ रही है।
उधर, सीएमएस डॉ. प्रदीप चौहान ने बताया कि वायरल फीवर और टायफायड के प्रकोप को रोकने के लिए जल संस्थान को पानी की गुणवत्ता जांचने के लिए पत्र भेजा गया है। इसके साथ ही अस्पताल में आने वाले मरीजों को भी उचित सलाह दी जा रही है
