उत्तराखंड (देहरादून) 5 जून 2025: सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर श्री गुरुराम राय दरबार साहिब व श्री गुरु राम राय इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल एंड हेल्थ साइंसेज, श्री महंत इन्दिरेश हॉस्पिटल व महंत देवेन्द्र दास महाराज के खिलाफ झूठी व भ्रामक पोस्ट करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने आरोपित को नामजद किया है।
श्री गुरुराम राय दरबार साहिब के मुख्य व्यवस्थापक विजय गुलाटी ने पुलिस को शिकायत दी कि अमन स्वेडिया ने अपने फेसबुक अकाउंट पर 29 अप्रैल से लेकर दो मई के बीच श्री गुरुराम राय दरबार साहिब व श्री गुरुराम राय इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल एंड हेल्थ साइंसेज व श्री महंत इन्दिरेश हॉस्पिटल व महंत देवेन्द्र दास महाराज की छवि को जानबूझकर धूमिल करने के उद्देश्य से कई झूठी व भ्रामक पोस्ट की। इसके अलावा 4 मई को अमन स्वेडिया मातावाला बाग में स्थित दरबार की संपत्ति के बाहर श्री गुरु राम राय दरबार एवं महंत देवेन्द्र दास महाराज के खिलाफ आयोजित एक रैली में सक्रिय रूप से भाग लेते हुए देखे गए। उन्होंने कई झूठे और अपमानजक नारे भी लगाए। पुलिस ने आरोपित को नामजद कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
