उत्तराखंड (हरिद्वार) 4 जून 2025: ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में जटवाड़ा पुल के पास एक युवक गंगनहर में नहाते समय पानी के तेज बहाव में बहकर लापता हो गया। परिजनों ने उसके दोस्तों पर हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीन दोस्तों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, रामकुमार पुत्र मांगेराम निवासी जसवावाला धनौरी ने मंगलवार को ज्वालापुर कोतवाली पहुंचकर को सूचना दी कि उनका पुत्र सौरभ एक जून को अपने दोस्त दिलीप, मोहित और मानव के साथ घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। आरोप लगाया कि तीनों दोस्तों ने सौरभ को जटवाड़ा पुल के पास गंगनहर में धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मानव निवासी सुमन नगर को कोतवाली बुलाकर पूछताछ की। पूछताछ में मानव ने बताया कि वह, दिलीप, मोहित और सौरभ सभी एक फैक्ट्री में काम करते हैं और एक जून को चारों दोस्त गंगनहर में नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान सौरभ नहर में डूब गया और बाकी तीनों घबरा कर मौके से भाग गए।
