उत्तराखंड (देहरादून) 27 मई 2025: कार की छत और गाड़ी की खिड़कियों से बाहर निकलकर हुड़दंग करने और दूसरों की जान जोखिम में डालने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन कार और दो बाइकों को चिन्हित करने के बाद सीज कर दिया। आरोप है कि सड़क पर हुड़दंग और स्टंट करते हुए बरातियों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
वीडियो में कुछ युवक कारों के ऊपर बैठकर और कुछ खिड़कियों से बाहर निकलकर स्टंट करते नजर आ रह थे। एसएसपी अजय सिंह ने बताया, प्रकरण की जांच पड़ताल के बाद वाहन चिन्हित किए गए थे। तीन चौपहिया वाहन और दो मोटरसाइकिल समेत पांच वाहनों को सीज किया गया। इस मामले में शादाब शफी, विनय चमोली, साहिल खान, फुरकान और इकराम निवासी ग्राम परवल शिमला बाईपास के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
