उत्तराखंड (देहरादून) 18 मई 2025 : प्रादेशिक सहायता प्राप्त महाविद्यालय संगठन (पाका) ने अशासकीय महाविद्यालयों के लिए वेतन अनुदान जारी न होने पर नाराजगी जताई है। पाका के अध्यक्ष प्रो. एचएस रंधावा व महासचिव प्रो. प्रशान्त सिंह ने कहा कि राज्य के 21 अशासकीय महाविद्यालयों में कार्यरत लगभग 1500 शिक्षकों एवं कर्मचारियों के लिए मार्च से वेतन अनुदान निर्गत नहीं हुआ है जिससे उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। महाविद्यालयों ने विश्वविद्यालय द्वारा अनुमोदित प्रबंध समितियों/ नियंत्रकों के माध्यम से अनुदान सूची के अनुरूप कार्यरत कार्मिकों का पूर्ण विवरण उपलब्ध करा दिया है। बावजूद इसके निदेशालय द्वारा अनुदान न जारी करना शासनादेश की अवहेलना है। उन्होंने कहा कि वेतन अनुदान जल्द जारी होने पर विश्वविद्यालयक की परीक्षाओं का बहिष्कार का निर्णय लिया जाएगा। इससे पूर्व मामले को लेकर मुख्यमंत्री से वार्ता करने का प्रयास किया जाएगा।
