उत्तराखंड देहरादून 15 मई 2025 : पटेलनगर की आईएसबीटी चौकी के प्रभारी देवेश खुगशाल को एक लाख रुपये रिश्वत लेते विजिलेंस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि चौकी इंचार्ज ने गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे का भय दिखाकर और जांच से नाम हटाने की एवज में 5 लाख रिश्वत की मांग की थी।
विजिलेंस से मिली जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ऑफिस में शिकायती पत्र दिया था। जिसमें उसने बताया था कि उसके दोस्त व अन्य तीन लोगों के खिलाफ जावेद नाम के व्यक्ति ने भूमि विवाद से सम्बन्धित शिकायती प्रार्थना पत्र दिया है। जिसकी जांच आईएसबीटी चौकी इंचार्ज देवेश खुगशाल के पास है। चौकी इंचार्ज ने गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे लगाकर जेल में बंद करने का भय दिखाया। जांच से उसके दोस्तों का नाम हटाने की एवज में 5 लाख रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है। वह रिश्वत नहीं देना चाहते हैं। चौकी प्रभारी के विरुद्ध कार्रवाई चाहते हैं। इस शिकायत पर विजिलेंस ने गोपनीय जांच की। प्रथम दृष्टया शिकायत सही पाये जाने पर तत्काल ट्रैप टीम का गठन किया।
बुधवार को चौकी प्रभारी देवेश खुगशाल को शिकायतकर्ता से एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
निदेशक सतर्कता डॉ. वी. मुरूगेसन ने ट्रैप टीम को नकद पुरस्कार की घोषणा की है। बताया कि यदि राज्य सरकार का कोई कर्मचारी, अधिकारी रिश्वत की मांग करता है तो इस सम्बन्ध में सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री हेल्पलाइन नम्बर-1064 और व्हाट्सएप नम्बर 9456592300 पर सूचना दें सकते हैं।
