उत्तराखंड (विकास नगर) 28 अप्रैल 2025: पछवादून में हो रहे अवैध खनन को लेकर विधायक मुन्ना चौहान ने रविवार को कड़ा रुख अख्तियार करते हुए पूरी कोतवाली को लाइन हाजिर कराने की चेतावनी दे डाली। विधायक ने पुलिस को कटघरे में लेकर कई सवाल भी दागे।
रविवार को विधायक डाकपत्थर खादर बस्ती गए हुए थे, जहां से वापस लौटते हुए उन्हें शक्ति नहर किनारे पुल नंबर एक के पास उप खनिज से ओवर लोड एक ट्रैक्टर ट्रॉली दिखाई दी, जिसे सीज करने के लिए विधायक ने शहर कोतवाल को फोन लगाया। विधायक ने कहा कि कोतवाल ने फोन किसी दूसरे पुलिस कर्मी को पकड़ा दिया और समय पर उनकी बताई हुई जगह पर पुलिस नहीं पहुंची। पुलिस के इस लापरवाही से गुस्साए विधायक ने खुद ट्रैक्टर ट्रॉली रुकवा दी। इस बीच कई खनन माफिया ट्रैक्टर ट्रॉली को छुड़ाने पहुंचे लेकिन मौके पर विधायक को देखकर बिना कुछ बोले बैरंग लौट गए। काफी देर बाद दो पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे तो विधायक बिफर पड़े।
उन्होंने कहा कि 40 मिनट से इंतजार कर रहे है, लेकिन एक किमी की दूरी पर बैठी पुलिस नहीं पहुंची। कहा कि पुलिस की लापरवाह कार्यप्रणाली पर वो पूरे कोतवाली को लाइन हाजिर करा देंगे। उन्होंने पुलिस को क्षेत्र में हो रहे अवैध खनन पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश देते हुए कहा कि कहीं भी उप खनिज से भरा ओवर लोड वाहन दिखाई देगा तो पुलिस कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
