दीपनगर व बंजारावाला वार्ड से शुरू हुई अभियान की शुरुआत
उत्तराखंड (देहरादून) 16 अप्रैल 2025: राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत नगर निगम देहरादून के सभी 100 वार्डों में स्क्रीनिंग कैंप आयोजित किए जाएंगे। देहरादून प्रदेश का पहला जिला है, जहां यह पहल की गई है। मंगलवार को दीपनगर व बंजारावाला वार्ड से अभियान की शुरुआत की गई। इस दौरान दीपनगर वार्ड में 162 लोगों की स्क्रीनिंग की गई। 57 एक्सरे व बलगम जांच के लिए 20 सैंपल लिए गए। वहीं, बंजारावाला में 144 लोगों की स्क्रीनिंग, यहां 38 एक्सरे व बलंगम जांच के लिए 21 सैंपल लिए गए हैं।
इन शिविर की शुरुआत जिला क्षय रोग अधिकारी डा. मनोज वर्मा ने की। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री डा. धन सिंह रावत के निर्देशानुसार नगर निगम के मेयर सौरभथपलियाल के सहयोग से शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। एक शिविर में दो वार्ड लिए जा रहे हैं। अंतिम शिविर 13 जून को सेवलाकलां व भारूवाला ग्रांट के लिए लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जनपद देहरादून में करीब 4266 क्षय रोगी उपचार ले रहे हैं। इसके अलावा 1565 रोगियों को निक्षय मित्र पोषण किट प्रदान कर रहे हैं। डा. वर्मा ने बताया कि इन शिविर में उच्च जोखिम समूह की जांच की जाएगी। जिनमें 60 वर्ष से अधिक उम्र के व्यक्ति, पल्मोनरी टीबी के करीबी संपर्क, मधुमेह रोगी, कुपोषित, धूम्रपान, शराब का सेवन करने वाले लोग शामिल हैं। इनकी एक्सरे, बलगम की जांच, ब्लड शुगर व रक्तचाप की जांच होगी। इस दौरान दीपनगर के पार्षद दिनेश प्रसाद सती, बंजारावाला की पार्षद रुचि रावत, गणेश भारद्वाज, मुकेश रावत, बृहस्पति क्रोठियाल, प्रवीण सती आदि उपस्थित रहे।
