मुख्य सचिव ने राज्य में रेल सुविधाओं के विकास के संबंध में बैठक ली
उत्तराखंड (देहरादून) 5 अप्रैल 2025: मुख्य सचिव आनन्द बर्धन ने परिवहन विभाग को राज्य में प्रस्तावित सभी रेल परियोजनाओं की स्थिति पर अपडेट देने और वर्तमान में संचालित रेल परियोजनाओं में आ रही बाधाओं व समस्याओं पर बिन्दुवार रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने देहरादून सहित सभी रेलवे स्टेशनों के अपग्रेडेशन की स्थिति भी स्पष्ट करने को कहा है। इसके साथ ही सीएस ने राज्य में प्रस्तावित एवं संचालित रेल प्रोजेक्ट्स से संबन्धित मुद्दों पर रेल मंत्रालय, आरवीएनएल सहित सम्बन्धित संस्थाओं से प्रभावी समन्वय के निर्देश दिए हैं।
परिवहन विभाग द्वारा जानकारी दी गई कि राज्य में कुल पांच रेल परियोजनाएं हैं, जिनमें तीन प्रस्तावित एवं ऋषिकेश-कर्णप्रयाग सहित दो परियोजनाएं वर्तमान में संचालित की जा रही है। गंगोत्री-यमुनोत्री रेल परियोजना जिसकी कुल दूरी 12176 किमी है और 10 स्टेशन हैं। इसका सर्वेक्षण कार्य पूरा हो चुका है व डीपीआर रेलवे बोर्ड को उपलब्ध करा दी गई है। इस पर अनुमोदन प्रतीक्षित है।
टनकपुर बागेश्वर रेल परियोजना जिसकी कुल दूरी 170.70 किमी है और 12 स्टेशन हैं। इसका सर्वेक्षण कार्य पूरा हो चुका है और डीपीआर रेलवे बोर्ड को उपलब्ध करा दी गई है। इस पर अनुमोदन प्रतीक्षित है। देहरादून -सहारनपुर रेल परियोजना जिसकी कुल दूरी 92.60 किमी है और इसमें 8 स्टेशन है। इसका सर्वेक्षण कार्य गतिमान है। बैठक में सचिव परिवहन, अपर सचिव परिवहन, सचिव एमडीडीए सहित सम्बन्धित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
