उत्तराखंड (ऋषिकेश) 3 अप्रैल 2025: एक महिला के पर्स से एक लाख की धनराशि उड़ाने के आरोप में पुलिस ने दंपती को गिरफ्तार किया है। एक लाख रुपये भी बरामद किए गए हैं।
गत 30 मार्च को आशीर्वाद कॉलोनी गुमानीवाला निवासी रेवती देवी ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस को बताया था कि वह इंद्रमणि बडौनी चौक से गुमानीवाला जाने के लिए ऑटो में बैठी थी। बगल में एक महिला दो बच्चों के साथ बैठी थी। उक्त महिला रास्ते में उतर गई। थोड़ी देर में जब उसने अपने पर्स को देखा तो उससे एक लाख रुपये गायब थे।
कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप राणा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई और संदिग्ध एक महिला व पुरुष को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार महिला से चोरी किए गए एक लाख रुपये बरामद किए गए। घटना में प्रयुक्त कार को भी बरामद किया गया।
आरोपियों की पहचान मोनू और उसकी पत्नी निवासी इंदिरा कॉलोनी, तहसील रामगढ, जिला अलवर राजस्थान के रूप में हुई। प्रभारी निरीक्षक राणा ने बताया कि मोनू की दो पत्नियां हैं। घटना के दिन वह अपनी एक पत्नी भारती को लेकर मेरठ से ऋषिकेश आया। उसने नेपाली फार्म पर कार खड़ी की और पत्नी को छोटे बच्चों के साथ ऋषिकेश भेज दिया। घटना करने के बाद पत्नी बच्चों को लेकर वापस नेपाली फार्म पर आ गई। उसके बाद वह वापस पश्चिम यूपी चला गया। पुलिस पूछताछ में मोनू ने बताया कि वह पूर्व में भी टप्पेबाजी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है।
