उत्तराखंड (देहरादून) 20 मार्च 2025: घर में घुसकर महिला को तमंचा दिखाने वाले सिरफिरे को पुलिस ने दबोच लिया है। पैसों के लेन-देन को लेकर आरोपित महिला को जान से मारने की धमकी दे रहा था। तमंचे से हवा में फायर करते हुए वीडियो बनाकर महिला को डराने का प्रयास भी किया था। पुलिस ने आरोपित को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है और तमंचा जब्त कर लिया है।
कैंट कोतवाली में कौलागढ़ निवासी प्रिया थापा ने शिकायत दी थी। बताया कि बीते सात मार्च को सुमित बेदी नाम के एक व्यक्ति ने उनकी बहन के घर पर आकर उन्हें तमंचा दिखाया और जान से मारने की धमकी दी। साथ ही उन्हें तमंचे से फायर करने का वीडियो बनाकर भी भेजा।शिकायत पर पुलिस ने अरोपित-के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। आरोपित को पंडितवाड़ी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह प्रेमनगर विंग नंबर सात में रहता है और प्रिया थापा से पैसों के लेन- देन को लेकर उसका काफी समय से विवाद चल रहा था।
