उत्तराखंड (देहरादून) 19 मार्च 2025 : एमकेपी पीजी कालेज में छात्राओं ने शिक्षक संघ के समर्थन में मौन रैली निकाली। एमकेपी पीजी कालेज में निरंतर चली आ रही समस्याओं के संदर्भ में शिक्षक संघ के सभी सदस्य विभिन्न माध्यमों से अपनी आवाज उठा रहे हैं। अब छात्राएं भी समर्थन में आ रही हैं।
कालेज छात्र संघ से पूर्व विश्वविद्यालय प्रतिनिधि शिवानी रावत ने कहा कि देहरादून में महिला साक्षरता की दृष्टि से एमकेपी कालेज का महत्वपूर्ण स्थान है, इसलिए इसकी समस्याओं का निदान होना चाहिए। छात्राओं ने कहा कि करीब छह दशक पूर्व प्रारंभ एमकेपी कालेज कभी देहरादून का गौरव हुआ करता था। यहां स्नातक और स्नाकोत्तर की पढ़ाई के लिए प्रदेश और प्रदेश के बाहर से छात्राएं आया करती थीं। लेकिन धीरे-धीरे बुनियादी सुविधाओं पर ध्यान नहीं दिया गया। शिक्षिकाओं के सेवानिवृत्त होने के बाद रिक्त पद पर नियुक्ति नहीं की गई। आज 62 शिक्षिकाओं में से मात्र 13 शिक्षिका हैं। कालेज भवन के कई कक्ष जर्जर है।
