उत्तराखंड (देहरादून) 17 फरवरी 2025: नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ की घटना के बाद दून से प्रयागराज जाने वाली महाकृंभ विशेष ट्रेन को सुरक्षा घेरे के बीच रवाना किया गया। इस दौरान रेलवे के अधिकारी -कर्मचारी और आरपीएफ एवं जीआरपी के सुरक्षाकर्मी प्लेटफार्म पर मुस्तैद रहे। स्टेशन में अलर्ट घोषित होने के साथ सभी गतिविधियों की सूचना मंडल में दी जा रही है।
दूनवासियों को सुरक्षित ढंग से महाकुंभ तक पहुंचाने के लिए शुरू हुई विशेष ट्रेन रविवार को सुबह 8:10 बजे प्रयागराज के लिए रवाना हुई।ट्रेन में करीब एक हजार से अधिक यात्री रवाना हुए। जिसमें शयनयान में 932, एसी द्वितीय में 24, एसी तृतीय में 32 और सामान्य कोच में भी काफी यात्री सवार थे। यह प्रयागराज के फाफामऊ रेलवे स्टेशन से सुबह 6:30 बजे चलकर रात 9:30 बजे दून रेलवे स्टेशन आएगी। स्टेशन अधीक्षक रविंद्र कुमार ने बताया कि रेलवे स्टेशन में सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद हैं। भीड होने पर तुरंत कंट्रोल रूम और मंडल को सूचना दी जा रही है। हालांकि, दून स्टेशन में अभी तक भारी भीड की स्थिति नहीं बनी है।
