उत्तराखंड (देहरादून) 5 नवंबर 2024: अगले 24 घंटे में चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ में कुछ जगह पर हल्की बारिश होने की संभावना बन रही है। प्रदेश की बाकी जनपदों में मौसम सुखा ही बना रहेगा।
मौसम विभाग द्वारा सोमवार शाम को जारी किए गए बुलेटिन के मुताबिक इन तीन जिलों में ऊंचाई वाले इलाकों पर कुछ जगह हल्की बारिश होने की संभवना दिख रही है। देहरादून, हरिद्वार, उधम सिंह नगर जैसे मैदानी जनपदों में अभी बारिश की कोई उम्मीद नहीं है। यहां पर दिन का अधिकतम तापमान आगे भी दो-तीन दिन सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा ही रहने की संभावना है।
देहरादून में सोमवार के दिन का अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियिस रिकॉर्ड हुआ जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियिस ज्यादा था। वहीं देहरादून का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ जो सामान्य से दो डिग्री ऊपर था।
मौसम विभाग का कहना है कि मैदानी इलाकों में कुछ जगहों पर सुबह के समय हल्का कोहरा छा सकता है। दिन में आसमान आमतौर पर साफ रहेगा।
