उत्तराखंड (देहरादून) 19 अगस्त 2026: बसंत विहार में बुजुर्ग महिला की चेन लूटने का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने पर घायल हो गया। घायल बदमाश की पहचान 25 वर्षीय आकाश कुमार उर्फ तमंचा के रूप में हुई है। महज 25 साल की उम्र में इस शातिर पर लूट, चोरी, स्नेचिंग और आर्म्स एक्ट के 17 मुकदमे दर्ज हैं। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि 18-19 अगस्त की रात बसंत विहार थाना पुलिस हरबंसवाला बैरियर पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बिना नंबर की नीले रंग की स्कूटी सवार को रुकने का इशारा किया गया। वह रुकने के बजाय स्कूटी तेजी से भगाकर हरबंसवाला की ओर भागने लगा।
कंट्रोल रूम की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी करते हुए पीछा किया। पुलिस को पीछे आता देख चाय बागान के पास बदमाश ने पुलिस टीम पर 315 बोर के तमंचे से फायर झोंक दिया और जंगल में भागने का प्रयास किया। जवाब में पुलिस ने फायरिंग की। इस दौरान एक गोली उसके पैर में लगी। उसे गिरफ्त में उपचार के लिए दून अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी की पहचान रायपुर के शिवाजी नगर, जैन प्लॉट निवासी आकाश उर्फ तमंचा के रूप में हुई। वह नशे का आदी है। वह महज एक महीने पहले ही जेल से जमानत पर बाहर आया था। उसके पास से 315 बोर का एक तमंचा लिंग ब से लूटी गई सोने की चेन बरामद हुई है। वारदात में इस्तेमाल स्कूटी भी उसने कोतवाली क्षेत्र से चोरी की थी।
