उत्तराखंड (देहरादून) 12 मई 2026: मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान के तहत विकासनगर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अवैध व्यवसायिक निर्माण को सील कर दिया। यह कार्रवाई कैनाल बाईपास रोड, यमुना विहार, गुरु नानक मिशन पब्लिक स्कूल के निकट स्थित निर्माण पर की गई, जिसे बिना स्वीकृत मानचित्र के बनाया जा रहा था।
निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य निर्धारित मानकों और स्वीकृत नक्शे के विपरीत पाया गया, जिसके बाद उत्तराखण्ड नगर एवं ग्राम नियोजन तथा विकास अधिनियम के तहत भवन को सील कर दिया गया।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। उन्होंने लोगों से भवन निर्माण शुरू करने से पहले आवश्यक स्वीकृतियां लेने की अपील की। वहीं सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि बिना अनुमति निर्माण करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता शशांक सक्सेना, अवर अभियंता अमर पाल, सुपरवाइजर और पुलिस बल मौके पर मौजूद रहे।
