उत्तराखंड (देहरादून) 12 मई 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को तेलंगाना के हैदराबाद में एक जनसभा को संबोधित करते हुए वैश्विक युद्ध संकट और ऊर्जा संकट के बीच देशवासियों से महत्वपूर्ण अपील की है।
प्रधानमंत्री की मुख्य अपीलें
1. पेट्रोल-डीजल की बचत करें
पीएम मोदी ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी युद्ध और अमेरिका-ईरान तनाव के कारण दुनिया भर में पेट्रोल और डीजल बहुत महंगे हो गए हैं। भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों के लिए बड़े पैमाने पर कच्चे तेल का आयात करता है। इसलिए हर नागरिक की जिम्मेदारी है कि ईंधन बचाएं ताकि विदेशी मुद्रा बचाई जा सके। उन्होंने सार्वजनिक परिवहन, मेट्रो और कारपूलिंग का इस्तेमाल करने को कहा।
2. 1 साल तक सोना न खरीदें
प्रधानमंत्री ने देशवासियों से अगले 1 साल तक कोई भी कार्यक्रम हो, सोने के गहने न खरीदने की अपील की। उन्होंने कहा कि पहले युद्ध के समय लोग सोना दान देते थे। आज दान की जरूरत नहीं है, लेकिन विदेशी मुद्रा बचाने के लिए सोना खरीदने से बचना देशहित में है। भारत बड़ी मात्रा में सोना आयात करता है जिससे विदेशी मुद्रा पर दबाव पड़ता है।
3. वर्क फ्रॉम होम फिर अपनाएं
पीएम मोदी ने कहा कि कोविड के समय जो व्यवस्थाएं बनाई थीं, उन्हें फिर शुरू करने का समय आ गया है। जहां संभव हो वर्क फ्रॉम होम को प्राथमिकता दें और ऑनलाइन मीटिंग, वीडियो कॉन्फ्रेंस का इस्तेमाल करें।
4. विदेश यात्रा टालें
प्रधानमंत्री ने मध्यम वर्ग से अपील की कि कम से कम 1 साल के लिए विदेश यात्रा और डेस्टिनेशन वेडिंग टाल दें। भारत में ही घूमने की कई खूबसूरत जगहें हैं।
युद्ध से सोना और पेट्रोल पर असर क्यों?
पीएम मोदी ने बताया कि दुनिया में चल रहे युद्धों का असर भारत समेत कई देशों पर पड़ रहा है।
– सप्लाई चेन संकट: युद्ध की वजह से सप्लाई चेन पर दबाव बना है।
– महंगाई: पेट्रोल, डीजल और खाद की कीमतों में काफी बढ़ोतरी हुई है।
– विदेशी मुद्रा: कच्चे तेल और सोने के आयात पर विदेशी मुद्रा बहुत खर्च होती है। भारत के पास तेल के बड़े कुएं नहीं हैं।
– सोने की कीमत: भू-राजनीतिक तनाव से सोने की कीमतों में 60% से ज्यादा उछाल आया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देशभक्ति का मतलब सिर्फ जान कुर्बान करना नहीं, बल्कि मुश्किल समय में जिम्मेदारी से जीना और देश के प्रति कर्तव्य निभाना भी है। केंद्र सरकार लोगों को मुश्किलों से बचाने की कोशिश कर रही है।
