उत्तराखंड (विकास नगर) 14 अप्रैल 2026: डाकपत्थर महाविद्यालय में रविवार को भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) के कार्यकर्ताओं ने देहरादून के डीएवी कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान गायक मासूम शर्मा द्वारा छात्र-छात्राओं के सामने कथित अभद्र भाषा के प्रयोग के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए गायक का पुतला दहन किया।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि शैक्षणिक संस्थान मर्यादा और अनुशासन के केंद्र होते हैं, जहां इस प्रकार की भाषा का प्रयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। छात्र नेताओं का कहना था कि मंच पर उपस्थित कलाकारों और वक्ताओं को अपनी भाषा और व्यवहार का विशेष ध्यान रखना चाहिए, क्योंकि छात्र-छात्राएं उनसे प्रेरणा लेते हैं।
NSUI कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति हुई तो संगठन प्रदेशभर में आंदोलन करेगा। उन्होंने मामले में उचित कार्रवाई की मांग भी उठाई।
पुतला दहन कार्यक्रम में छात्र नेता गगनदीप सिंह, अरशद अंसारी, ममता, सिखा, फैजल, अमान, तुषार, आजम, रिहान, सुमित, संदीप, सुमन, दीपक सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
