उत्तराखंड (टिहरी गढ़वाल) 7 अप्रैल 2026: भगवान बदरी-विशाल के अभिषेक के लिए के नरेंद्रनगर स्थित राजमहल में महारानी माला राज्य लक्ष्मी शाह की अगुआई में सुहागिन महिलाओं ने तिलों का तेल पिरोया गया। बात दें कि यह परंपरा सदियों से चली आ रही है।
मंगलवार को सुहागिन महिलाओं की ओर से निकाले गए तिलों के तेल में विशेष जड़ी-बूटी डालकर तेज आंच में तेल को पकाते हुए शुद्ध किया गया। तेल को चांदी के कलश में परिपूरित किया गया।
राजमहल में पहुंचे डिमरी केंद्रीय धार्मिक पंचायत बदरीनाथ धाम के पुजारी व राज परिवार ने तेल से परिपूरित कलश की विधिवत पूजा-अर्चना की।
तेल कलश को भोग लगाते हुए राज परिवार सहित तेल पिरोने आई सुहागिन महिलाओं को प्रसाद वितरित किया गया।
इसके बाद राज परिवार की ओर से तेल कलश (गाडू घड़ा) को डिमरी केंद्रीय धार्मिक पंचायत को सौंपा गया।
महारानी माला राज्य लक्ष्मी शाह ने कहा कि भगवान बदरी-विशाल करोड़ों हिंदुओं की आस्था के प्रतीक हैं। उन्होंने भगवान बदरीनाथ से देश-प्रदेश में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
वहीं, मंगलवार शाम को ही राजमहल नरेंद्रनगर से सुशोभित रथ में तेल कलश की भव्य शोभा यात्रा ने बदरीनाथ धाम के लिए प्रस्थान किया।
इस मौके पर महारानी की पुत्री क्षीरजा अरोड़ा, बेटी की पुत्री अहाना व डिमरी केंद्रीय धार्मिक पंचायत के सतीश चंद्र डिमरी, सुधीर डिमरी, अरविंद डिमरी, संजय डिमरी, नीतेश चौहान सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
