उत्तराखंड (देहरादून) 6 अप्रैल 2026: ‘आपरेशन प्रहार’ के तहत रायपुर पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने रिंग रोड स्थित ‘डेटिंग प्वाइंट रेस्टोरेंट’ पर औचक छापेमारी की, जहां बिना लाइसेंस के ग्राहकों को शराब पिलाई जा रही थी। पुलिस ने दो संचालकों समेत शराब का सेवन कर रहे 18 अन्य व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में शराब और बीयर की बोतलें जब्त की हैं। संचालकों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60/68 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
आपरेशन नाइट स्ट्राइक के तहत पुलिस टीमों ने शनिवार देर रात पब, बार, होटल व रेस्टोरेंट में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस टीमों ने प्रेमनगर क्षेत्र में संघरिलाल होटल बंसी वाला और संगम होटल एंड रेस्टोरेंट संचालकों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रतिष्ठान संचालकों को गिरफ्तार कर मौके पर शराब पी रहे आठ व्यक्तियों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया। इसके अलावा जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पी रहे 36 अन्य व्यक्तियों को पुलिस थाने लेकर आई। उनके विरुद्ध पुलिस एक्ट में कार्रवाई की गई।
