उत्तराखंड (नैनीताल) 21 मार्च 2026: नैनीताल जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। भवाली-हल्द्वानी रोड पर गेठिया के पास एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई, जिससे मौके पर ही दो युवकों की मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने के बाद SDRF टीम मात्र कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
मौके पर पहुंचने पर पता चला कि वेन्यू कार (UP 78 HJ 4936) सड़क से करीब 60–70 मीटर गहरी खाई में गिर गई थी। कार में कुल चार लोग सवार थे।
SDRF टीम ने साहस और तत्परता दिखाते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और घायलों अतुल दुबे (26 वर्ष, निवासी उन्नाव) और श्याम (32 वर्ष, निवासी पीताम्बर नगर) को सुरक्षित खाई से बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए हल्द्वानी के नजदीकी अस्पताल भेजा गया।
इस दर्दनाक हादसे में अंकित चौधरी और अभिराज की मौके पर ही मौत हो गई। SDRF टीम ने दोनों शवों को खाई से बाहर निकालकर आगे की कार्रवाई के लिए जिला पुलिस को सौंप दिया।
