उत्तराखंड ( गैरसैंण) 12 मार्च 2026: विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने एक बार फिर अपनी संवेदनशीलता का परिचय दिया है। भराड़ीसैंण में चल रहे बजट सत्र के तीसरे दिन, उन्होंने सुबेर सोसाइटी गैरसैंण के 9 अनाथ और जरूरतमंद बच्चों को सदन की कार्यवाही देखने का खास अवसर दिया।
इन बच्चों ने पहली बार सदन के भीतर बैठकर देखा कि किस प्रकार प्रदेश के जनप्रतिनिधि जनता के मुद्दों पर चर्चा करते हैं और राज्य के विकास के लिए बड़े फैसले लेते हैं।
सुबेर सोसाइटी का योगदान: विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि सुबेर सोसाइटी पिछले ढाई वर्षों से अनाथ बच्चों की शिक्षा और देखभाल का सराहनीय कार्य कर रही है। संस्था बच्चों के दस्तावेज तैयार कराने में मदद करती है, जिससे उन्हें ‘वात्सल्य योजना’ के तहत हर महीने ₹4000 की आर्थिक सहायता मिल रही है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि ऐसे अनुभवों से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें देश की लोकतांत्रिक प्रणाली को समझने में मदद मिलती है। सुबेर सोसाइटी के अध्यक्ष एडवोकेट नवीन प्रकाश ने इस पहल के लिए विधानसभा अध्यक्ष का आभार जताया।
