उत्तराखंड (देहरादून) 31 अक्टूबर 2025: उत्तराखंड पुलिस के लोगों और परिवहन विभाग के नाम वाले फर्जी ई-चालान लिंक से सावधान रहें। ऐसा ही एक लिंक भेजकर एक शख्स के बैंक खाते से 1.58 लाख से ज्यादा की रकम उड़ा ली। शिकायत पर कैंट पुलिस ने बुधवार को मुकदमा दर्ज कर लिया।
कैंट थानाध्यक्ष कमल लुंठी ने बताया कि बीती 25 सितंबर को जमशेर खान के व्हाट्सएप नंबर पर एक मोबाइल नंबर से एक मैसेज आया था। इसमें उनकी स्कूटी का रेड लाइट जंप के लिए दो हजार रुपये का चालान कटने की जानकारी थी। मैसेज के साथ एम परिवहन नाम का एक लिंक भी भेजा गया था, जो आरटीओ चालान के नाम से एपीके फाइल के रूप में था। जमशेर ने जैसे ही उस लिंक पर क्लिक किया, एम परिवहन नाम की फर्जी वेबसाइट खुल गई। इस वेबसाइट पर उन्होंने अपना विवरण भर दिया फिर उन्हें चालान जमा करने के लिए एक रुपये का भुगतान करने को कहा गया। जमशेर ने 26 सितंबर को अपने खाते से एक रुपया का भुगतान कर दिया। इसके बाद साइबर ठगों ने पैसे हड़प लिए।
