उत्तराखंड (देहरादून) 3 सितंबर 2025: डिस्पेंसरी रोड क्षेत्र में अब व्यापारियों और बाजार आने वाले लोगों को बड़ी राहत मिल गई है। यहां स्मार्ट शौचालय का संचालन शुरू हो गया है। लंबे समय से बाजार क्षेत्र में शौचालय की मांग की जा रही थी। महापौर सौरभ थपलियाल ने इसका लोकार्पण किया।
डिस्पेंसरी रोड पर राजीव गांधी कांपलेक्स के समक्ष नगर निगम की ओर से अनुबंधित संस्था मनसा फेसेलिटी एंड सर्विसेज से स्मार्ट शौचालय का निर्माण करवाया गया है। सोमवार को महापौर सौरभ थपलियाल ने आयोजित कार्यक्रम में आधुनिक सुविधाओं से युक्त इस शौचालय को व्यापारियों और जनता को समर्पित किया। इस स्मार्ट शौचालय में महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग 11 चैंबर सहित पर्याप्त संख्या में यूरिनल की व्यवस्था है। महापौर ने कहा कि निगम की खाली जमीनों पर नागरिक सुविधाओं को विकसित करने का प्रयास हो रहा है। इस दौरान दून वैली व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंकज मैसोन, सुनील बांगा और पार्षद संतोख नागपाल मौजूद रहे।
