उत्तराखंड (विकास नगर) 23 जून 2025: चारधाम यात्रा की सुरक्षा और आपराधिक घटनाओं को रोकने के लिए कोतवाली पुलिस और सहसपुर थाना पुलिस ने रविवार सत्यापन अभियान चलाया। इस दौरान दोनों जगह 420 लोगों का सत्यापन किया गया। किराएदारों का सत्यापन नहीं कराने पर 24 मकान मालिकों का कोर्ट चालान काटा। पुलिस अधिनियम में भी 16 लोगों का चालान किया गया, जबकि 15 लोगों को थाने में ले जाकर उनसे पूछताछ की गई।
कोतवाली पुलिस द्वारा हरबर्टपुर, विवेक विहार, राम बाग में अभियान चलाकर तीन सौ व्यक्तियों का सत्यापन किया गया। किराएदारों का सत्यापन नहीं कराए जाने पर 10 मकान मालिकों का एक लाख रुपए का कोर्ट चालान काटा। जबकि सात लोगों का पुलिस एक्ट में चालान काटकर दो हजार रुपए बतौर जुर्माना वसूल किए। सहसपुर थाना पुलिस ने खुशहालपुर, धर्मावाला, सभावाला, सिंहनीवाला क्षेत्र में सत्यापन अभियान चलाकर 120 लोगों का सत्यापन किया। किराएदारों का सत्यापन नहीं कराने पर 14 मकान मालिकों का कुल एक लाख 40 हजार रुपए का कोर्ट चालान काटने के साथ ही पुलिस एक्ट में आठ चालान काट कर दो हजार रुपए बतौर जुर्माना वसूले। इसके साथ ही 15 लोगों को थाने में जाकर पूछताछ की गई। सीओ भाष्कर लाल साह ने बताया कि चारधाम यात्रा मार्ग पर बसे कस्बों में संदिग्ध लोगों की धर पकड़ और पहचान के लिए सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही अंतर्राज्यीय सीमाओं पर भी कड़ी चौकसी बरती जा रही है।
