उत्तराखंड (देहरादून) 22 जून 2025: भाजपा ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के लिए विधानसभा वार प्रवासी कार्यकर्ताओं की सूची जारी कर दी है। यह सभी पर्यवेक्षक की भूमिका में जिला पंचायत सदस्य पद के समर्थित प्रत्याशियों के नामों का पैनल बनाएंगे और वहां चुनाव प्रबंधन की जिम्मेदारी भी संभालेंगे। पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि प्रदेशाध्यक्ष महेंद्र भट्ट के निर्देश पर पंचायत चुनावों की अहम जिम्मेदारी वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को सौंपी है। इसमें विधानसभावार दो-दो प्रवासी कार्यकर्ता, पर्यवेक्षक और चुनाव प्रबंधन दोनों का दायित्व संभालेंगे। वह संबंधित क्षेत्र की सभी जिला पंचायत सीटों पर पार्टी समर्थित प्रत्याशियों के नामों का पैनल तैयार कर प्रदेश नेतृत्व को सौपेंगे। इसके साथ ही प्रत्येक प्रधान, बीडीसी सदस्य पद के लिए सक्रिय कार्यकर्ताओं को चुनाव लड़वाने का प्रयास करेंगे। यह सभी प्रवासी कार्यकर्ता संपूर्ण चुनाव प्रक्रिया तक क्षेत्र में चुनाव प्रबंधन का काम संभालेंगे।
