उत्तराखंड (देहरादून) 31मई 2025: मामूली विवाद में आपस में मारपीट कर हुड़दंग मचाने और शांति भंग करने वाले पांच आरोपितों को पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पटेलनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान अधिकारी ने बताया कि देहराखास में दो पक्षों का बच्चों को लेकर आपस में विवाद हो गया। इसके बाद दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए।
सूचना पर पटेलनगर कोतवाली से तत्काल पुलिस बल मौके पर भेजा गया। इस दौरान कुछ व्यक्ति आपस में मारपीट में उतारु थे। जिनको पुलिस ने काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह उत्तेजित होकर पुलिस के सामने ही एक-दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाते हुए मारपीट का प्रयास करने लगे। शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों के पांच व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों की पहचान इंतजार, सद्दाम, रिजवान, शहजाद व अयान सभी निवासी कारगी ग्रांट के रूप में हुई है।
