उत्तराखंड (देहरादून) 25 मई 2025 : भाजपा ने प्रदेशाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने प्रदेश में खनन राजस्व में रिकार्ड बढ़ोतरी को दुष्प्रचार करने वालों के मुंह पर तमाचा बताया है। उन्होंने इसे सीएम धामी की पारदर्शी नीतियों और कुशल प्रबंधन का नतीजा बताते हुए कहा कि यह उन लोगों के मुंह पर भी करारा तमाचा है जिन्होंने सत्ता में रहते खनन को हमेशा लूट का जरिया बनाए रखा था।
भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में प्रदेश, राजस्व वृद्धि को लेकर शानदार उपलब्धि हासिल कर रहा है। घपले, घोटाले, माफियागिरी और अवैध गतिविधियों के लिए कुख्यात खनन क्षेत्र, आज एक बड़ी राजस्व उपलब्धि में तब्दील हो गया है। कभी लाख प्रयासों के बाद भी सरकार का आंकड़ा 300, 350 करोड़ से नीचे ही रहता था। वहीं आज खनन राजस्व का यह आंकड़ा लगभग 4 गुने पर चला गया है। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि को हासिल करने के लिए विगत 3 वर्षों में गुड गवर्नेस और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन सीएम धामी ने दिया है। अन्य क्षेत्रों की तरह खनन में भी ईमानदारी और पारदर्शी नीति बनाकर उसका कुशल प्रबंधन किया गया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश ने वो दौर भी देखा है जब कांग्रेस के मुख्यमंत्री अपनी सरकार बचाने किए संसाधनों की लूट का लाइसेंस देते नजर आए थे। खनन माफिया प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों पर हमले करते थे, साथी माफिया को लाभ पहुंचाने के लिए मां गंगा को स्क्रैप कैनल घोषित कर दिया था। नतीजा यह रहता था कि प्रदेश के राजस्व को चूना भी लगता था और आम आदमी की निर्माण लागत भी बहुत बढ़ जाती थी।
