उत्तराखंड (देहरादून) 23 मई 2025 : जनसुनवाई में पेंशन के लिए डीएम से फरियाद करने वाली एक दिव्यांग महिला की जून से पेंशन स्वीकृत हो गई है। जुलाई से उनके बैंक खाते में ऑनलाइन पेंशन का भुगतान कर दिया जाएगा। पिछली जनसुनवाई के दौरान ओगल भट्टा क्लेमेंटाउन निवासी एक दिव्यांग महिला राखी अपने पति विजेन्द्र कुमार के साथ जन सुनवाई दिवस पर डीएम दफ्तर पहुंची और अपनी पूरी व्यथा डीएम को सुनाई। शारीरिक रूप से 40 प्रतिशत दिव्यांग राखी ने दिव्यांग पेंशन और नौकरी का डीएम से अनुरोध किया। डीएम ने दिव्यांग महिला की पूरी व्यथा सुनी और मौके पर ही दिव्यांग पेंशन की स्वीकृत की। यही नहीं डीएम ने दिव्यांग महिला और उसके पति को क्लेक्ट्रेट से सारथी वाहन से उनके घर तक सुरक्षित पहुंचाया। जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल ने जिलाधिकारी के निर्देश पर मामले का तत्काल संज्ञान लिया और दिव्यांग महिला के परिवार से संपर्क किया। महिला के पास आय प्रमाण नहीं था। तहसील से संपर्क करते हुए तत्काल महिला का आय प्रमाण पत्र बनवाया और आवेदन ऑनलाइन करते हुए अप्रूव किया। इसके बाद दिव्यांग महिला राखी की पेंशन कार्यालय से ऑनलाइन कर दी गई है। माह जून से पेंशन धनराशि प्रतिमाह 1500 रुपए की स्वीकृति के बाद जुलाई से उनके बैंक खाते में भुगतान कर दी जाएगी। आवेदक महिला 40 प्रतिशत दिव्यांग है। समाज कल्याण विभाग से उन्हें निशुल्क व्हीलचेयर भी प्रदान की है।
