उत्तराखंड (देहरादून) 11 मई 2025: कंपनी के दो कर्मचारियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर कंपनी का अप्रकाशित डाटा चोरी कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। शिकायत पर राजपुर पुलिस ने तीन आरोपितों को नामजद करते हुए एक अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
कंपनी के सीईओ धनंजय तिवारी निवासी पनाष वैली सहस्त्रधारा रोड ने पुलिस को शिकायत देते हुए बताया कि रॉक एंड रोल राइडर्स कंपनी का ब्रांच ऑफिस सहस्त्रधारा रोड में स्थित है। इस कंपनी में पीयूष राज व अमन भाटिया नौकरी करते थे। अपने कार्यरत रहने के दौरान दोनों ने उसकी कंपनी का अप्रकाशित डाटा धोखाधड़ी करके चोरी कर विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर अपलोड कर दिया और बिना कंपनी को सूचित किए कार्यालय पर आना बंद कर दिया। उसने पुलिस से इसकी शिकायत की तो दोनों उससे रंजिश रखने लगे। बीते रोज अमन भाटिया, पीयूष राज व धनंजय नीलकंठ माने व एक अन्य शख्स उसकी कंपनी के कार्यालय में जबरन घुस आए और गाली गलौज करते हुए कार्यालय में कर्मचारियों से अभद्रता करने लगे। पीयूष राज व अमन भाटिया ने कंपनी में कार्यरत वीडियो एडीटर गौतम कुमार को जबरन उठाया व कंपनी के कंप्यूटर में अनाधिकृत प्रवेश करते हुए सबूत मिटाने की नीयत से कंपनी का डाटा डिलीट कर दिया। रोके जाने पर आरोपित सभी को धमकी देने लगे।
