उत्तराखंड (मसूरी) 9 मई 2025: पर्यटन सीजन शुरू हो गया है लेकिन लोक निर्माण विभाग अभी तक गहरी नींद में सोया है, लबासना गेट से कंपनी बाग जाने वाला मार्ग विगत छह माह से अधिक समय से करीब पांच सौ मीटर सड़क बुरी तरह क्षतिग्रस्त है, लेकिन इसको ठीक करना तो दूर पैच वर्क तक नहीं किया गया। जिससे लोगों में आक्रोश है।
पर्यटन नगरी मसूरी में सीजन शुरू हो गया है लेकिन लोक निर्माण विभाग अभी तक अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन नहीं कर पा रहा है। देश के सर्वोच्च संस्थान लबासना गेट से आगे पांच सौ मीटर तक रोड का बुरा हाल है, जगह-जगह गड्ढे होने से हर समय दुर्घटना
का खतरा बना रहता है, जिससे लोगों में आक्रोश बढ रहा है। आश्चर्य की बात है कि जहां पर रोड अधिक खराब है ठीक उसके ऊपर लबासना के निदेशक का आवास है व वह भी रोज इन गड्डो से हिचकोले खाते हुए लबासना जाते हैं। इस मार्ग पर दो कलवर्ट भी बंद हैं जिनके कारण बारिश होने पर सारा पानी सड़क पर बहता है व पानी के साथ मलबा आता है जिससे आने जाने वालों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
इस संबंध में अधिशासी अभियंता जितेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि इस रोड की मरम्मत कर दी गई थी लेकिन बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हो गई है, जिसे टीम भेजकर शीघ्र ठीक करवा दिया जायेगा।
