उत्तराखंड हरिद्वार 5 मई 2025: क्षेत्र के गांव स्थित बालाजी मंदिर परिसर में क्रिकेट खेलते समय गांव के ही कुछ लड़कों में झगड़ा हो गया। जिसमें दो लड़के घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर क्रॉस मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना झबरेड़ा की चौकी लखनोता के गांव शेरपुर खेलमऊ निवासी पंकज त्यागी द्वारा थाने में तहरीर देकर बताया कि 25 अप्रैल की शाम छह बजे उसका पुत्र व उसका दोस्त गांव में स्थित बालाजी मंदिर के मैदान में क्रिकेट खेल रहे थे। उसी समय वहां पर गांव का ही नाथी राम का लड़का व उसका एक दोस्त आ गए। वहां पर आते ही उन दोनों ने उसके बेटे के साथ गाली गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर नाथीराम के बेटे द्वारा चाकू से उसके बेटे पर हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने घायल को सिविल हॉस्पिटल ले गए, जहां से डाक्टरों ने उसे ऋषिकेश एम्स में रेफर कर दिया गया था।
वहीं गांव के ही नाथीराम द्वारा थाने में तहरीर देकर बताया कि 25 अप्रैल की शाम पांच बजे उसका लड़का गांव के दूसरे लड़कों के साथ क्रिकेट खेल रहा था। क्रिकेट खेलते समय विकेट गाड़ने को लेकर दूसरों लड़को के साथ झगड़ा हो गया। पंकज त्यागी के बेटे द्वारा उसके लड़के को मारपीट कर घायल कर दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक अजय सिंह का कहना है कि दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
