उत्तराखंड (देहरादून) 2 मई 2025: वर्क फ्रॉम होम का झांसा देकर दून की एक महिला से करीब दो लाख रुपए की ठगी को अंजाम दिया गया। पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर नेहरू कालोनी पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
थाना क्षेत्र की रहने वाली प्रमिला पाण्डेय ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि 24 मार्च को उसे इंस्टाग्राम पर स्टॉक मार्केट में निवेश के सम्बन्ध में एक रील दिखाई दी। उसने उस रील पर अप्लाई किया तो उससे व्हाट्सअप नम्बर पर सम्पर्क किया गया। कालर ने खुद को फांक्स बिट एक्सचेन्ज का एचआर बताते हुए घर बैठे काम करने का लालच देकर विभिन्न प्रकार की स्कीम बताई। प्रस्ताव को स्वीकार करने पर उसे ग्रुप टास्क देकर अलग-अलग प्लेटफार्म में काम करने के बदले उससे रकम जमा करवाई गई।
हर बार अलग-अलग टास्क देकर कहा गया कि उसने गलती कर दी है और इसका हर्जाना देना पड़ेगा। इस तरह उससे बैंक खातों में 1,93,800 रुपए जमा करवा लिए गए। उसने अपने परिचितों से जब इस संबंध में जानकारी की तो पता चला कि फॉक्स बिट एक्सचेंज फर्जी है। शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर नेहरू कालोनी पुलिस कार्रवाई कर रही है।
