उत्तराखंड (देहरादून) 13 अप्रैल 2025: उत्तराखण्ड विद्यालयी शिक्षा परिषद द्वारा संचालित हाई स्कूल व इण्टरमिडिएट की बोर्ड परीक्षाओं का परीक्षा परिणाम 19 अप्रैल को घोषित किया जाएगा। शनिवार को उत्तराखण्ड विद्यालयी शिक्षा बोर्ड के सभापति की अध्यक्षता में परिषद कार्यालय में शनिवार को आयोजित परीक्षाफल समिति की पहली बैठक में सर्वसम्मति से यह फैसला लिया गया। बोर्ड सचिव विनोद प्रसाद सिमल्टी ने बताया कि परीक्षाफल समिति की इस बैठक में उत्तराखण्ड विद्यालयी शिक्षा परिषद द्वारा आयोजित हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट परीक्षा वर्ष 2025 एवं परीक्षाफल सुधार परीक्षा (द्वितीय) वर्ष 2024 का परीक्षाफल 19 अप्रैल को घोषित करने का निर्णय लिया गया है। परीक्षाफल जारी होने के बाद परीक्षार्थी अपना परीक्षाफल उत्तराखण्ड बोर्ड की अति वेबसाइट पर भी देख सकते हैं। इस वर्ष की बोर्ड परीक्षाओं में कुल 2,23,403 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसमें 1,13,690 विद्यार्थी कक्षा 10वीं और 1,09,713 विद्यार्थी कक्षा 12वीं की परीक्षा में शामिल हुए थे।
