उत्तराखंड (रुद्रपुर) 11 अप्रैल 2025: विगत रात्रि इंदिरा कालोनी गली नम्बर-6 में हुई फायरिंग की घटना से लोगों में हड़कंप मच गया। फायरिंग की आवाज सुनकर जब लोग बाहर निकले तो बाहर सन्नाटा पसरा था और सड़क पर खून बिखरा दिखाई दिया।
वहीं कुछ दूरी पर खून से सनी शर्ट भी पाई गई। घटना की सूचना पर आदर्श कालोनी चौकी इंचार्ज होशियार सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे, उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मौके पर लोगों ने बताया कि अज्ञात युवक को हाथ पर गोली लगी और वो भागकर सिंह कॉलोनी से इंद्रा कॉलोनी की तरफ आया। घटना में शामिल युवकों का घास मंडी क्षेत्र का होना बताया जा रहा है। पुलिस ने मौके पर मिली खून से सनी शर्ट कब्जे में ले ली। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज देखकर मामले की छानबीन शुरू कर दी। फायरिंग की घटना के संबंध में आदर्श कालोनी चौकी इंचार्ज होशियार सिंह का कहना है कि सभी अस्पतालों में चेक किया गया। लेकिन, किसी घायल की कोई सूचना नहीं है। आशंका है वे लोग यूपी की तरफ निकल गये।
