उत्तराखंड (देहरादून) 12 जनवरी 2025:उत्तराखंड में मौसम ने करवट बदलते हुए ठंड का प्रकोप और बढ़ा दिया है। बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब और फूलों की घाटी समेत ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने से निचले इलाकों में सर्दी का असर गहरा गया है। देहरादून, नैनीताल, टिहरी, हरिद्वार, पौड़ी, चंपावत और ऊधमसिंह नगर जिलों में गरज के साथ ओलावृष्टि का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
शनिवार को प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में दोपहर के बाद बर्फबारी शुरू हो गई, जिससे ज्योतिर्मठ और पांडुकेश्वर जैसे इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। वहीं, मैदानी जिलों में कोहरे और शीतलहर ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिलों में कोहरे का खासा असर देखा जा रहा है, जहां दृश्यता कम हो गई है और लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है।
देहरादून में लगातार दूसरे दिन बादल छाए रहे। शाम होते-होते शीतलहर तेज हो गई, जिससे लोग ठिठुरने पर मजबूर हो गए। अधिकतम तापमान 20°C और न्यूनतम 7.2°C दर्ज किया गया। शहर में दिनभर ठंड का प्रभाव इतना बढ़ गया कि जगह-जगह अलाव जलते दिखे।
कड़ाके की ठंड और घने कोहरे को देखते हुए जिलाधिकारी सविन बंसल ने निर्देश जारी किए हैं कि 31 जनवरी तक सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र सुबह साढ़े आठ बजे के बाद ही खोले जाएंगे। यह फैसला बच्चों को ठंड और पाले से बचाने के लिए लिया गया है।
