उत्तराखंड (देहरादून )15 दिसंबर 2024: मंहगे शौक ने युवक को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। रायपुर पुलिस ने नशा तस्कर युवक को गुरुद्वारा नानकसर के पास सें 540 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया। आरोपित कोचिंग की आड़ में पहाड़ों से चरस लाकर दून में नशे के आदी लोगो को सप्लाई करता था। कोर्ट में पेश कर आरोपित को जेल भिजवा दिया गया है।
थाना रायपुर पुलिस के अनुसार नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर गुरुद्वारा नानकसर के पास से जसवीर तोमर निवासी ग्राम बीनो बिरमोऊ थाना कालसी को 540 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह कालसी का रहने वाला है और पिछले कुछ समय से देहरादून में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग कर रहा है।
देहरादून में चरस की अधिक मांग होने व अपने महगे शौक को पूरा करने के लिए वह पहाडी क्षेत्रों से सस्ते दामों में चरस खरीदकर देहरादून में थोड़ी-थोड़ी मात्रा में नशे के आदी लोगों को मंहगे दाम में सप्लाई करता था। आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भिजवा दिया है।
