उत्तराखंड (देहरादून) 23 अक्टूबर 2024 : नगर निगम में आउटसोर्स पर रखे गए कर्मचारियों की छंटनी पर काम शुरू हो गया है। सूची के तहत अनावश्यक रखे गए कर्मियों को बाहर का रास्ता दिखाने की तैयारी है। मंगलवार को नगर आयुक्त ने सूची में काट छाट कर उसका नया प्रारूप बनाने का काम किया।
नगर निगम के स्वास्थ्य अनुभाग, कर अनुभाग, भूमि अनुभाग, प्रकाश अनुभाग के अलावा अन्य अनुभागों में आउटसोर्स में कर्मी रखे गए हैं । ये कर्मी एक कंपनी के अधीन है। इस कंपनी के जरिये तीन सौ से अधिक कर्मचारी आउटसोर्स पर रखे गए हैं। कंपनी के जरिये ही इन कर्मचारियों के वेतन का भुगतान करने के साथ ही पीएफ भी जमा किया जाता है। नगर निगम प्रशासन के संज्ञान में आया कि कई ऐसे कर्मचारी है जिनके पास काम ही नहीं है।ये कर्मी जनप्रतिनिधियों के दबाव में लगे हैं।
अनावश्यक रखे गए कर्मचारियों पर निगम की ओर से प्रत्येक महीने लाखों रूपये खर्च किया जा रहा है। इसके चलते छंटनी करने का काम शुरू किया गया है। इसी क्रम में कंपनी में कार्यरत एक अधिकारी को नगर आयुक्त ने तलब किया। इस अधिकारी से नगर आयुक्त ने एक-एक कर्मचारी के बारे में पूछा। सूत्रों के मुताबिक जिन कर्मचारियों को हटाना है, उनकी लिस्ट तैयार कर दी है।
