उत्तराखंड (देहरादून) 17 अक्टूबर 2024: राजपुर पुलिस ने नाराज होकर घर से गई दो महिलाओं को उनके स्वजन से मिलाया। एक महिला को गुजरात के अहमदाबाद और दूसरी को दिल्ली से लाया गया।
राजपुर थाना पुलिस ने बताया कि दोबच्ची रोड, गोविंद विहार निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उनकी छोटी बहन अपने पति से नाराज होकर कहीं चली गई है। और उनका फोन भी स्विच आफ आ रहा है। वहीं काठबंगला निवासी एक व्यक्ति ने भी राजपुर पुलिस को उनकी पुत्री के घर से बिना बताए कहीं चले जाने की शिकायत दी। गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस दोनों की तलाश में जुट गई। राजपुर थाना पुलिस ने गठित अलग-अलग टीमों को गठित कर जानकारी जुटानी शुरू की। इसके साथ ही दोनों महिलाओं की तस्वीरों को इंटरनेट मीडिया व अन्य माध्यमों से आसपास के थानों में प्रसारित किया गया। अन्य राज्यों की पुलिस से संपर्क किया गया। दोनों गुमशुदा में से एक महिला को अहमदाबाद गुजरात और दूसरी को आंबेडकर नगर दिल्ली से सकुशल बरामद कर उनके स्वजन के सिपुर्द किया गया।
