उत्तराखंड (देहरादून) 19 सितंबर 2024: देहरादून जौलीग्रांट एयरपोर्ट से प्रयागराज के लिए नए सिरे से हवाई सेवा शुरू करने के लिए दोबारा कवायद शुरू की गई है। इसके तहत पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री को अनुरोध पत्र लिखा है।
पत्र में सतपाल महाराज ने लिखा है कि अगले साल प्रयागराज में महाकुंभ का आयोजन किया जा रहा है।प्रयागराज में संगम में स्नान करने के साथ ही पुण्यलाभ कमाने के लिए बड़ी संख्या में उत्तराखंड से भी यात्री प्रयागराज की यात्रा करेंगे। ऐसे में तीर्थयात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए जौलीग्रांट एयरपोर्ट से प्रयागराज के लिए नए सिरे से हवाई सेवा की शुरुआत की जाय।
बता दें कि नागरिक उड्यन विभाग से जौलीग्रांट एयरपोर्ट से प्रयागराज के लिए हवाई सेवा शुरू की गई थी लेकिन यात्रियों की कम संख्या को देखते हुए फिलहाल इस सेवा को स्थगित कर दिया गया है। लेकिन अब इस हवाई सेवा के दोबारा शुरू किए जाने की मांग उठने लगी है। बता दे कि जौलीग्रांट एयरपोर्ट से मुंबई, नई दिल्ली , चेन्नई, बंगलुरु, चंडीगढ़, लखनऊ समेत देश के दर्जन भर शहरों के लिए हवाई सेवा उपलब्ध है।
