उत्तराखंड (देहरादून) 30 अगस्त 2024: पंजाब के दो शातिर बदमाशों को नेहरू कालोनी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बदमाशों की गिरफ्तारी से नेहरू कालोनी थाना क्षेत्र में हुई बुजुर्ग महिला से चेन लूट और वाहन चोरी की तीन घटनाओं का खुलासा हुआ है। आरोपितों से चोरी की बाइक, स्कूटी व महिला से लूटी चैन बरामद हुई है। घटनाओं को अंजाम देने के बाद दोनों पंजाब भागने की फिराक में थे।
नेहरु कालोनी पुलिस के अनुसार 28 अगस्त को शुभम सेमवाल निवासी नथुवाला रायपुर ने अंगेठी रेस्टोरेंट के पास से अपनी बाइक चोरी होने की शिकायत दी, जबकि सविता पाल निवासी आदर्श कालोनी ने अपनी स्कृटी के चोरी होने और नीलम रतरा ।निवासी नेहरू कालोनी ने सनातन धर्म मंदिर जीएसटी आफिस वाली गली में कार सवार बदमाशों द्वारा उनकी सास से चेन लूट लेने के, संबंध में शिकायत दी।
पुलिस टीम ने घटनास्थलों का निरीक्षण कर के घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटाई । इसके साथ ही घटनास्थल व उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालते हुए संदिग्ध की फुटेज हासिल की। सीसीटीवी फुटेज में सभी घटनाओं में एक संदिग्ध कार घूमती हुई दिखाई दी और दो व्यक्ति घटनास्थल से वाहनों को चोरी कर ले जाते हुए देखे गए।
इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि कुछ संदिग्ध बद्री कालोनी के जंगल में बैठे हुए हैं, जिन्होंने सम्भवः इन चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। इस पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए संदिग्धों की तलाश की,जिसके बाद बद्री कालोनी के जंगल से दो आरोपितों से चोरी की बाइक, स्कूटी और बुजुर्ग महिला से लूटी चेन बरामद की
संदिग्ध पिकू उर्फ प्रदीप कोंडा निवासी लवली स्वीट वाली गली जीटी रोड थाना व्यास अमृतसर पंजाब और जसपाल कुमार उर्फ बाबी निवासी चरन टाइपिंग वाली गली फेरुमान रोड थाना व्यास अमृतसर को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में उन्होंनेनेहरु कालोनी क्षेत्र में वाहन चोरी व चेन लूट की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। तलाशी में उनके पास से घटना में लूटी गई चेन और उनकी निशानदेही पर नेहरू कालोनी क्षेत्र से चोरी की गई बाइक,स्कूटी व घटना में इस्तेमाल कार बरामद हुई।
