उत्तराखंड (देहरादून) 26 अगस्त 2024: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में सड़कों पर आधी रात में गंडागर्दी के मामले थम नहीं रहे हैं। आईएसबीटी क्षेत्र में एक बार फिर कुछ युवक बुलेट पर रॉड व डंडे लहराते हुए दबंगई दिखाते नजर आए, मामला जब पुलिस के पास पहुंचा तो पुलिस ने काफी समय बाद दबंगों को पकड़ा और पुलिस ने बुलेट को सीज कर तीनों के खिलाफ पुलिस एक्ट में कार्रवाई की है। 24 अगस्त की देर रात को पटेलनगर कोतवाली की आईएसबीटी क्षेत्र में तीन युवक बिना हेलमेट के बुलेट पर सवार होकर दबंगई दिखा रहे थे।
इन युवाओं के हाथों में डंडा और लोहे की राड थी, जिसे वह बार-बार लहराकर दबंगई दिखा रहे थे। राहगीरों ने जब युवकों की दरबंगई को देखा तो उन्होंने तत्काल कंट्रोल रूम में फोन किया। पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से दबंगई दिखाने वाले तीनों युवाओं को हिरासत में लेकर प्छताछ की। युवकों नेबताया कि मस्ती करने के लिए उन्होंने ऐसा किया। तीनों का पुलिस एक्ट चालान किया गया। जबकि युवाओं की बुलेट को सीज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार युवकों की पहचान इब्राहिम निवासी चांदपुर जिला बिजनौर उत्तर प्रदेश, दीक्षित निवास क्लेमेंटटाउन हर्ष निवासी क्लेमेंटटाउन देहरादून के रूप में हुई है।
पहले भी दबंगई के कई मामले आ चुके हैं सामने
इससे पहले भी युवक दून में पुलिस सुरक्षा को धता बताते हुए दबंगई दिखाते नजर आए हैं। 15 अगस्त की रात को कुछ दबंगों ने क्लेमेंटटाउन में एक छात्र को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया था। हाल यह है कि आईएसबीटी क्लेमेंटटाउन, राजपुर रोड,प्रेमनगर, रायपुर आदि क्षेत्रों में भी युवक सरेआम हुड़दंग मचाते और कानून तोड़ते नजर आते हैं।
