उत्तराखंड (हरिद्वार) 22 नवंबर 2026: भेल मजदूर ट्रेड यूनियन के कार्यकारिणी सदस्य/ इंकलाबी मजदूर केन्द्र के केन्द्रीय उपाध्यक्ष पंकज बवाडी, केन्द्रीय परिषद सदस्य जय प्रकाश व पीपल्स लेबर यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललित कुमार को हरिद्वार जिला प्रशासन द्वारा जिला बदर करने के खिलाफ भेल मजदूर ट्रेड यूनियन के वैनर तले सिडकुल हरिद्वार, सिडकुल पंतनगर, की ट्रेड यूनियनों व दिल्ली, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, बिहार के मजदूर संगठनों, समाजिक संगठनों से जुड़े कार्यकर्ताओं ने चिन्मय डिग्री कालेज के निकट मजदूर महापंचायत का आयोजन कर जिला बदर की कार्रवाई रद्द करने की मांग की।
महापंचायत में वक्ताओं ने कहा कि पिछले कुछ समय से देश के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में मजदूरों के बीच अपने अधिकारों को लेकर व्यापक असंतोष और संघर्ष देखने को मिला है। हरियाणा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, तेलंगाना, कर्नाटक और गुजरात सहित अनेक राज्यों में मजदूरों ने कम वेतन, बढ़ती महंगाई, ठेका प्रथा, असुरक्षित कार्य परिस्थितियों और शोषण के खिलाफ आवाज उठाई है।
भेल मजदूर ट्रेड यूनियन के अध्यक्ष राजकिशोर जी ने कहा कि भेल मजदूर ट्रेड यूनियन कार्यकारिणी सदस्य के ऊपर शासन प्रशासन की इस कार्यवाही को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेगी और इस मजदूर विरोधी कार्यवाही को न पूरे सिडकुल बल्कि देश के स्तर पर भी आंदोलन करेगी ।
सभा में इंकलाबी मजदूर केंद्र के महासचिव रोहित ने बात रखते हुए कहा कि मजदूर नेताओं पर जिला बदर करने की कार्यवाही मोदी सरकार के 4 लेबर कोड का ही परिणाम है जिसके तहत ट्रेड यूनियन कार्यवाही का अपराधीकरण करना है, इंकलाबी मजदूर केन्द्र मोदी सरकार के 4 लेबर कोड का पुरजोर विरोध करता रहा है। इंकलाबी मजदूर केंद्र देश के तमाम शोषित वंचित और उत्पीड़न की आवाज लगातार उठाता रहता है जिस कारण प्रशासन के निशाने पर इंकलाबी मजदूर केंद्र के कार्यकर्ता हैं उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए घोषणा की कि आगामी विधानसभा चुनाव में साथी पंकज कुमार हरिद्वार से मजदूरों के प्रतिनिधि के रूप में चुनाव लड़ेंगे। और इंकलाबी मजदूर केंद्र इस प्रकार की कार्यवाही से डरने वाला संगठन नहीं बल्कि भगत सिंह की सोच और उनके विचारों को आत्मसात करने वाला संगठन है।
संयुक्त संघर्षशील ट्रेड यूनियन मोर्चा के संयोजक गोविंद सिंह ने कहा कि आज पूरा सिडकुल एसोसिएशन और हरिद्वार का शासन प्रशासन मिलकर मजदूरों को नेतृत्व विहीन करने का षडयंत्र रच रहा है जिसे किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जन अधिकार संगठन के सुनील आनंद जी ने कहा अपराधियों को आज राज्यपाल बनाकर शोभित किया जा रहा है और मजदूर नेताओं को जिला बदर किया जा रहा है ये घोर निंदनीय है। हरिद्वार प्रशासन इस गुंडा एक्ट की कार्रवाई तुरंत रद्द करे।
इंकलाबी मजदूर केन्द्र के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष कैलाश भट्ट कहा कि मजदूरों के संघर्षों के दबाव में कई राज्य सरकारों को न्यूनतम वेतन में बढ़ोतरी के कदम उठाने पड़े। उत्तराखंड में भी मजदूरों के संघर्षों के बाद न्यूनतम वेतन में बढ़ोतरी और इंजीनियरिंग उद्योगों के लिए वेज बोर्ड गठन की प्रक्रिया आगे बढ़ी। इंकलाबी मजदूर केन्द्र के साथी पंकज व जयप्रकाश मजदूर आन्दोलन में मजदूरों के श्रम विभाग में त्रिपक्षीय वार्ता में पुलिस प्रशासन के साथ मौजूद रहे उसके बावजूद पुलिस प्रशासन ने इन नेताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जिला बदर करने की कार्यवाही कर दी। वर्तमान महंगाई के दौर में मजदूरों को मिलने वाला वेतन उनकी बुनियादी जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त नहीं है। इसलिए न्यूनतम वेतन कम से कम 30 हजार रुपये प्रतिमाह करने, आठ घंटे का कार्यदिवस लागू करने और ओवरटाइम का दोगुना भुगतान सुनिश्चित करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
महापंचायत में यह भी कहा गया कि देश के अनेक औद्योगिक क्षेत्रों में स्थायी प्रकृति के कार्य ठेका मजदूरों से कराए जा रहे हैं। वर्षों तक एक ही काम करने के बावजूद मजदूरों को स्थायी रोजगार, सामाजिक सुरक्षा और उचित सुविधाओं से वंचित रखा जाता है। ठेका प्रथा के माध्यम से मजदूरों का आर्थिक शोषण किया जा रहा है। इस व्यवस्था के खिलाफ संगठित संघर्ष को और व्यापक बनाने की आवश्यकता है।
महापंचायत में हरिद्वार के पंकज कुमार, जय प्रकाश और इंजीनियर ललित के खिलाफ की गई जिला बदर की कार्रवाई पर विशेष रूप से चर्चा हुई। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि मजदूर आंदोलनों के दौरान पुलिस-प्रशासन द्वारा मजदूरों और उनके संगठनों के कार्यकर्ताओं को फैक्ट्री मालिकों के इशारों पर निशाना बनाया जा रहा है।
महापंचायत में मानेसर, नोएडा, हरिद्वार और सेलाकुई के मजदूर आंदोलनों के उदाहरण देते हुए कहा गया कि मजदूरों की जायज मांगों और आंदोलनों का समाधान निकालने के बजाय कई स्थानों पर लाठीचार्ज, गिरफ्तारियां और मुकदमों के जरिए उन्हें दबाने की कोशिशें की गई हैं गुजरात में बुनियादी मांगो को लेकर लगातार मजदूर संघर्ष रत हैं हरिद्वार में अधिकांश *फैक्ट्री मालिक नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं लेकिन शासन प्रशासन मौन है जब मजदूर सड़कों पर आते हैं और अपने हक अधिकारों की आवाज उठाते हैं तो उनका नेतृत्व देने वाले साथियों पर झूठे मुकदमे लगाकर जिला बदर के कार्रवाई की जाती है* ।
वक्ताओं ने कहा कि मजदूरों के अधिकारों के लिए आवाज उठाने वाले संगठनों और कार्यकर्ताओं को प्रशासनिक कार्रवाइयों के माध्यम से डराने का प्रयास किया जा रहा है। यह केवल किसी एक संगठन या कुछ व्यक्तियों का सवाल नहीं है, बल्कि पूरे मजदूर वर्ग के संगठित होने, अपनी मांगें उठाने और लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करने के अधिकार का सवाल है।
महापंचायत की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता यह रही कि इसमें अलग-अलग औद्योगिक क्षेत्रों से आए मजदूर प्रतिनिधियों ने अपनी भागीदारी के माध्यम से यह संदेश दिया कि मजदूरों के सवाल किसी एक कंपनी, कारखाने, शहर या राज्य तक सीमित नहीं हैं।
सिडकुल पंतनगर व हरिद्वार व देश के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों से आए प्रतिनिधियों तथा संयुक्त संघर्षशील ट्रेड यूनियन मोर्चा, हरिद्वार के घटक संगठनों ने मजदूर आंदोलन पर होने वाले हमलों के खिलाफ एकजुटता प्रदर्शित की। देश के विभिन्न हिस्सों से आए मजदूर साथियों ने भी अपने अनुभवों और संघर्षों के माध्यम से मजदूर एकता की आवश्यकता पर जोर दिया।
वक्ताओं ने कहा कि आज पूंजीपतियों के हितों को प्राथमिकता देते हुए श्रम अधिकारों को कमजोर किया जा रहा है। चार श्रम संहिताओं के माध्यम से ट्रेड यूनियन अधिकारों और मजदूरों की सामूहिक सौदेबाजी की ताकत पर पड़ने वाले प्रभावों को लेकर भी चिंता व्यक्त की गई। मजदूरों ने कहा कि रोजगार की सुरक्षा, उचित वेतन, सामाजिक सुरक्षा और सम्मानजनक कार्य परिस्थितियां मजदूरों के बुनियादी अधिकार हैं और इनके लिए संघर्ष जारी रहेगा।
महापंचायत में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि अलग-अलग कंपनियों, उद्योगों और क्षेत्रों में काम करने वाले मजदूरों को अपने आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर साझा मुद्दों पर एकजुट होना होगा। एक क्षेत्र के मजदूरों पर होने वाला हमला दूसरे क्षेत्र के मजदूरों के लिए भी चिंता का विषय होना चाहिए ।
महापंचायत में मजदूरों के अधिकारों की रक्षा, मजदूर नेताओं पर की गई दमनात्मक कार्रवाइयों का विरोध, ठेका प्रथा के खात्मे, स्थायी रोजगार, सम्मानजनक न्यूनतम वेतन, आठ घंटे के कार्यदिवस और ओवरटाइम के दोगुने भुगतान जैसे मुद्दों पर व्यापक एकजुटता बनाने का आह्वान किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि मजदूरों की एकता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। जब तक मजदूर अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर संघर्ष नहीं करेंगे, तब तक शोषण और उत्पीड़न की व्यवस्था के खिलाफ निर्णायक लड़ाई नहीं लड़ी जा सकती।
आज की मजदूर महापंचायत में विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों से मजदूरों और प्रतिनिधियों की भागीदारी ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि मजदूर आंदोलन को दबाने की कोशिशों के बावजूद मजदूरों की आवाज को कमजोर नहीं किया जा सकता। मजदूर अपने अधिकारों, सम्मान और बेहतर भविष्य के लिए एकजुट होकर संघर्ष जारी रखेंगे।
महापंचायत ने मजदूर एकता और संघर्ष को मजबूत करने के संकल्प के साथ यह संदेश दिया कि किसी भी मजदूर संगठन, मजदूर कार्यकर्ता या मजदूर नेता पर होने वाले हमले का संगठित रूप से विरोध किया जाएगा।