उत्तराखंड (हरिद्वार) 25 अप्रैल 2026: जनपद में शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) के निर्देशन में “ऑपरेशन प्रहार” का डंडा चलना शुरू हो गया है। ताजा मामला पिरान कलियर क्षेत्र के ग्राम महमूदपुर का है, जहाँ पुलिस ने गुटबाजी और अशांति फैलाने के आरोप में 7 महिलाओं सहित कुल 11 लोगों को सलाखों के पीछे भेज दिया है।
शादी में DJ के शोर से शुरू हुआ विवाद
घटना की शुरुआत 22 अप्रैल की रात एक शादी समारोह के दौरान हुई। DJ बजाने को लेकर दो पक्षों में तीखी नोकझोंक हुई, जिसने देखते ही देखते बड़े विवाद का रूप ले लिया। 23 अप्रैल को जब मामला दोबारा गरमाने लगा, तो सूचना मिलते ही कोतवाली पिरान कलियर पुलिस ने मौके पर पहुँचकर त्वरित कार्रवाई की।
जांच में सामने आया है कि इन दोनों पक्षों के बीच पुरानी चुनावी रंजिश चली आ रही है। ये गुट पहले भी कई बार गाँव की शांति भंग कर चुके हैं और दोनों पक्षों पर पहले से ही आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने इस बार कोई ढिलाई न बरतते हुए सख्त रुख अपनाया है।
गाँव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात।
इंस्पेक्टर कमल मोहन भंडारी का कड़ा संदेश कि गुटबाजी या अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर किसी को बख्शा नहीं जाएगा।
“जनपद में कोई भी शांति व्यवस्था प्रभावित करता है तो उसके विरुद्ध हरिद्वार पुलिस की सख्त कार्रवाई होनी तय है। ऑपरेशन प्रहार के तहत असामाजिक तत्वों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।”
