उत्तराखंड (देहरादून) 03 मार्च 2026: राजधानी के चकराता रोड पर सोमवार शाम पानी के गुब्बारे फेंकने को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर कहासुनी और मारपीट हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। मामले में दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, चकराता रोड पर पानी के गुब्बारे फेंकने को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते बढ़कर मारपीट में बदल गया। एक पक्ष में दीपक और उसका दोस्त अक्षय शामिल बताए जा रहे हैं, जबकि दूसरे पक्ष से मनआनंद का नाम सामने आया है।
दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ कोतवाली नगर में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही चश्मदीदों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि आपसी विवाद को बढ़ाने की बजाय शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाएं और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
