उत्तराखंड (देहरादून) 27 फरवरी 2026: गुल्लरघाटी रोड नथुवावाला स्थित प्राचीन सिद्धेश्वर महादेव शिव मंदिर के महंत ने कुछ व्यक्तियों पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। आरोप है कि जगवीर नेगी ने उन्हें मैसेंजर पर काल कर सिर में गोली मारने की धमकी दी। कोर्ट के आदेश पर इस मामले में रायपुर थाना पुलिस ने दो व्यक्तियों के खिलाफ नामजद जबकि एक अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस को दी तहरीर में महंत दयानंद गिरी निवासी सिद्धेश्वर महादेव मंदिर नथुवावाला ने बताया कि 29 सितंबर 2025 को मनोहर लाल तिवारी, उसका सहयोगी संजय तिवारी व जगवीर नेगी ने उन्हें धमकी दी थी। इस मामले में जब पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो उन्होंने न्यायालय में प्रार्थनापत्र दाखिल किया। अदालत ने रायपुर थानाध्यक्ष को मुकदमा दर्ज करने के आदेश जारी किए। इसके बाद मनोहर लाल तिवारी, संजय तिवारी व जगवीर नेगी उनसे रंजिश रखने लगे। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते 13 फरवरी की शाम को जगवीर नेगी ने मैसेंजर के माध्यम से फोन किया और मंदिर में आकर ही सिर में गोली मारने की धमकी दी।
धमकाया कि यदि मुकदमा वापस नहीं लिया तो उसकी लाश भी नहीं मिलेगी। 17 फरवरी की दोपहर मनोहर लाल तिवारी व संजय तिवारी ने जान से मारने की धमकी दी। थानाध्यक्ष रायपुर गिरीश नेगी ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपित संजय तिवारी, जगवीर नेगी व एक अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
